श्रीडूंगरगढ़ टुडे 22 अक्टूबर 2026
राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में गुरुवार को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेष दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर लोकतंत्र के इस पावन पर्व व उत्सव का संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर भी मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य अमित तंवर ने 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के नव मतदाताओं को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ भी दिलवाई।
इसी क्रम में, ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के तहत एक स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का कुशल संचालन नशा मुक्ति प्रभारी निशा सोडा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया।

इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। उक्त दोनों कार्यक्रमों में महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ पूरी निष्ठा के साथ उपस्थित रहे।












