श्रीडूंरगढ़ टुडे 22 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बरजांगसर गांव में आम रास्ते को लेकर दो खेत पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट और सोने की अंगूठी निकालने का आरोप लगाते हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार बरजांगसर निवासी हड़मानराम पुत्र मोतीराम, जाति जाट, उम्र 75 वर्ष ने रिपोर्ट में बताया कि डूंगरराम और पुरखाराम के खेत आपस में पड़ोसी हैं तथा दोनों के बीच आम रास्ता है। 20 अगस्त की शाम डूंगरराम ने अपनी भैंसें रास्ते में बांध दीं। इसी दौरान वहां से गाड़ी निकलने पर भैंसें परिवादी के खेत में चली गईं।
हड़मानराम ने डूंगरराम को आवाज लगाकर भैंसें खेत से ले जाने के लिए कहा। आरोप है कि डूंगरराम ने भैंसें वहीं रहने की बात कही, जिसको लेकर आम रास्ते पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान डूंगरराम, ओमप्रकाश, दोनों की पत्नियां और 3-4 लड़कियां मौके पर पहुंच गईं और गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से मारपीट करने लगीं।
परिवादी ने आरोप लगाया कि डूंगरराम ने उसके साथ मारपीट शुरू की, जबकि मारपीट के दौरान ओमप्रकाश ने उसकी सोने की अंगूठी निकाल ली और अपने साथ ले गया।
पुलिस ने हड़मानराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।



