श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 सितंबर 2026
तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ द्वारा सभा मंत्री एवं जैन संस्कारक प्रदीप पुगलिया का जन्मोत्सव 2 सितंबर को सायं 6:00 बजे जैन परंपरा एवं संस्कारों के अनुरूप जैन संस्कार विधि से श्रद्धा, सादगी एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संस्कारक पियूष बोथरा ने जैन संस्कार विधि का विधिवत संचालन करते हुए जन्मोत्सव को धार्मिक एवं संस्कारमय स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू ने प्रदीप पुगलिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर को जैन संस्कार विधि के माध्यम से मनाने से आध्यात्मिक मूल्यों एवं धार्मिक संस्कारों को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी सदस्यों से जैन संस्कार विधि को अपनाने एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। मंत्री पीयूष बोथरा ने भी प्रदीप पुगलिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

परिवार की ओर से पारस पुगलिया ने तेरापंथ युवक परिषद् के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जैन संस्कार विधि से जन्मोत्सव मनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जन्मोत्सव के अवसर पर प्रदीप पुगलिया ने पूरे वर्ष में 45 सामायिक करने का संकल्प लिया तथा दही बड़े के त्याग का संकल्प भी स्वीकार किया। उनके इन संकल्पों से कार्यक्रम में त्याग, तप एवं आध्यात्मिक चेतना का भाव और अधिक सुदृढ़ हुआ।

कार्यक्रम में किशोर मंडल संयोजक मुदित पुगलिया, विशाल बोथरा, अजय बोथरा एवं यश चोपड़ा सहित परिषद् के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का वातावरण मंगलभाव, आध्यात्मिक ऊर्जा एवं संस्कार चेतना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित सभी सदस्यों ने जैन संस्कार विधि को जीवन के शुभ अवसरों का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प व्यक्त किया।











