श्रीडूंगरगढ टुडे 26 सितंबर 2026
राजस्थान सरकार के सेवा संकल्प अभियान—‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 27 सितंबर 2026 (रविवार) को पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ परिसर में एक विशाल ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर आयोजित किया जाएगा।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में विभिन्न प्रशासनिक व विकास विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं लंबे समय से लंबित पड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, आमजन को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी और आवश्यक सेवाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जाएँगी।
शिविर को लेकर नवनिर्वाचित नगर पालिका चेयरमैन नारायण कलाणी ने क्षेत्रवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं के प्रार्थना पत्र एवं संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर शिविर स्थल पहुँचें और सरकार की इस पहल का पूरा लाभ उठाएँ।
इन प्रमुख विभागों के कार्यों का होगा निस्तारण:
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन व कृषि, विद्युत (बिजली), जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (जल), सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग से जुड़े जनहित के कार्यों और प्रकरणों का प्रमुखता से समाधान किया जाएगा।
भाजपा शहर अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी एवं चेयरमैन नारायण कलाणी ने संयुक्त रूप से अपील करते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के अधिक से अधिक नागरिक इस ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर में भाग लेकर शासन-प्रशासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ उठाएँ।











