श्रीडूंगरगढ़ टुडे 12 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गुसाईसर बड़ा गांव से एक दुःखद खबर सामने आई है। जहाँ शनिवार देर रात खेत में कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवा किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गुसाईसर बड़ा निवासी 35 वर्षीय रामलाल पुत्र सुगनाराम जाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन नाबालिग बच्चों का पिता था।
पुलिस ने शव को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जाएगी। पुलिस मामले की आवश्यक जांच में जुटी हुई है।



