श्रीडूंगरगढ़ टुडे 17 अक्टूबर 2026
थाना क्षेत्र के पुंदलसर गाँव में खेत की पानी की डिग्गी में युवक का शव मिलने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतक के छोटे भाई ने पड़ोसी तीन सगे भाइयों के खिलाफ प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज करवाया है।
मृतक के भाई बजरंगलाल पुत्र जैसराम जाट (निवासी पुंदलसर) ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उसका 25 वर्षीय बड़ा भाई ओमप्रकाश पुत्र जैसराम गोदारा पिछले पांच-छह महीनों से पड़ोसी परिवार द्वारा काफी परेशान किया जा रहा था। परिवादी ने आरोप लगाया कि उनके घर के पड़ोसी ओमप्रकाश, राजूराम व प्रहलादराम पुत्रगण गणैशाराम जाट (जाति जाट, निवासी पुंदलसर) मृतक को लगातार तंग कर रहे थे।
कभी दीवार तोड़ देने, कभी रास्ते चलते विवाद करने, तो कभी पारिवारिक बात को लेकर फोन पर गाली-गलौज करने और बार-बार झगड़ने के कारण ओमप्रकाश डिप्रेशन (अवसाद) में आ गया था। आरोपियों की प्रताड़ना के चलते वह कई बार घर में मरने की बात भी कह चुका था।
शुक्रवार रात हुआ था विवाद:
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 की रात्रि को करीब 10 बजे आरोपियों ने एक बार फिर मृतक ओमप्रकाश के साथ कड़ा झगड़ा किया, उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। रात को सोने के बाद भी आरोपियों ने उसे फोन पर बार-बार कॉल करके काफी तंग व परेशान किया। इस निरंतर मानसिक प्रताड़ना और कल रात के विवाद से क्षुब्ध होकर आहत युवक ने खेत में बनी पानी की डिग्गी में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पंचायती के आदेशों की भी नहीं की परवाह
परिवादी ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना से तीन महीने पहले समाज के मोजिज व्यक्तियों (सम्मानित लोगों) द्वारा एक पंचायती भी की गई थी। उस दौरान यह तय हुआ था कि आरोपी मृतक व उसके परिवार को अब तंग नहीं करेंगे। परंतु आरोपियों ने पंचायत के फैसले को भी नहीं माना और अपनी हरकतों से बाज न आते हुए उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

