श्रीडूंगरगढ़ टुडे 7 जुलाई 2026
लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर अपने पति की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में घायल को सोमवार रात करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मंगलवार सुबह प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय मूलाराम पुत्र हीराराम जाट, निवासी श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव कुंतासर के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अपने ससुराल हंसेरा में घर जवाई बनकर रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार रात किसी बात को लेकर मूलाराम और उसकी पत्नी विद्या देवी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विद्या देवी ने लाठियों से हमला कर दिया, जिससे मूलाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर वृताधिकारी एवं थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी पत्नी को डिटेन कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला घरेलू क्लेश के चलते हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हत्या में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।





