श्रीडूंगरगढ़ टुडे 12 जुलाई 2026
क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपी पर ब्लैकमेल करने, धमकाने, जबरदस्ती करने और एक युवक के खिलाफ दबाव बनाकर बयान दिलवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की तथा उसके साथ फोटो खींच लिए। इसके बाद उन्हीं फोटो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मारपीट कर उससे एक युवक के खिलाफ जबरन बयान दिलवाए और उसे फंसाकर फांसी दिलाने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके पिता को शराब पिलाकर उनसे मारपीट करवाता था। साथ ही आरोपी ने उसे नींद की गोलियां देकर माता-पिता की कोल्ड ड्रिंक में मिलाने के लिए भी धमकाया। पीड़िता का कहना है कि मार्च माह से आरोपी लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है।
हैड कांस्टेबल धापा ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।
उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ कुछ दिन पहले ही श्रीडूंगरगढ़ थाने में हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




