श्रीडूंगरगढ टुडे 27 अगस्त 2026
राज्य निर्वाचन आयोग ने श्रीडूंगरगढ़ सहित जिले की छह नगरपालिकाओं के लिए मतदान की तारीख 9 सितंबर से बदलकर 11 सितंबर कर दी है।
बदलाव के बाद श्रीडूंगरगढ़ में विरोध के सुर तेज हो गए हैं। पूर्व में आम चुनाव प्रथम चरण के तहत 9 सितंबर को तय किया गया था, जिसे अब बदलकर 11 सितंबर (द्वितीय चरण) कर दिया गया है। इस आदेश के बाद रामदेवरा जाने वाले पदयात्री संघों और सेवा समितियों में खासी नाराजगी देखी जा रही है।
गुरूवार को रामदेवरा जाने वाले विभिन्न संघों और सेवा समितियों के सदस्यों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और ज्ञापन सौंपा।संघ सदस्यों ने बताया कि पालिका क्षेत्र से प्रतिवर्ष भादवा मेले में करीब 3500 से 4000 पदयात्री और 1500 से 2000 सेवादार रामदेवरा के लिए रवाना होते हैं।
इन संघों ने पहले 6, 7 और 8 सितंबर को रवाना होना तय किया था, लेकिन चुनाव की घोषणा के बाद आयोग के फैसले का सम्मान करते हुए 9 सितंबर को वोट डालकर रवाना होने का निर्णय लिया और अपने वाहनों व संसाधनों की व्यवस्था में बदलाव किया। 26 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार तिथि 11 सितंबर कर देने से अब दोबारा व्यवस्थाओं में बदलाव करना संभव नहीं है।
पदयात्री 8 और 9 सितंबर को रवाना होकर बीकानेर से काफी आगे निकल जाएंगे, जिससे उनके लिए वापस लौटकर 11 सितंबर को मतदान करना संभव नहीं होगा। इससे कस्बे के करीब 5000 से 7000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाएंगे।
विभिन्न पैदल यात्री संघों और सेवा समितियों (जिनमें रूणेचा पैदल यात्री संघ, डोर टू डोर रूणेचा पैदल यात्री सेवा समिति, मित्र मंडल रामदेवरा पैदल यात्री संघ, सुखी संघ सेवा समिति कालूबास, द्वारकाधीश रूणेचा पैदल यात्री संघ, बाबा रामदेव रामा सेवा समिति, रूणेचा पैदल यात्री सेवा समिति, भक्त मंडल वाल्मिकी संघ, आपणो संघ ध्वजा बंध धारी, मंन्नतपुरी रूणेचा धाम पैदल यात्री संघ, रूणेचा पैदल यात्री संघ, न्यू सुखी संघ, युवा वाल्मिकी मित्र मंडल, रूणेचा पैदल यात्री सत्यम संघ, रूणेचा पैदल यात्री संघ शांति मंडल, रूणेचा पैदल यात्री अपना संघ ने ज्ञापन देते हुए श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के चुनाव द्वितीय चरण के स्थान पर पुनः प्रथम चरण (9 सितंबर) में ही करवाए जाएं। इनके अतिरिक्त मेडिकल, जल, भोजन इत्यादि के सेवा संघ भी रवाना होते है
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचन्द सारस्वत तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर (बीकानेर) को भी प्रेषित की गई है।
इन संघों के अध्यक्ष हरिप्रसाद मूंधड़ा, संजय कुमार करनाणी, देवीलाल उपाध्याय, नारायण चंद, रामदयाल पुरोहित, गोविंदप्रसाद बासनीवाल, सीताराम बिहाणी, सोनू तेजी, केके जांगीड़, भल्लाराम कताला, सूर्यप्रकाश तापड़िया, संजय कुमार माली, श्रवण कुमार वाल्मिकी, इंद्रजीत तुनगरिया, विष्णुकमार वाल्मिकी, तेजपालसिंह सहित अनेक सदस्य इस दौरान शामिल रहें।






