श्रीडूंगरगढ़ टुडे 11 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने शनिवार को जयपुर में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा से आत्मीय मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र के राजनीतिक हालात पर चर्चा की
मीडिया प्रभारी राजेश मंडा ने बताया कि बैठक के दौरान श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का अनुभव एवं जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा का दूरदर्शी नेतृत्व और प्रेरणादायी मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने दोनों वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा देगा।





