श्रीडूंगरगढ टुडे 20 सितंबर 2026
रक्तदान को जनसेवा से जोड़ते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ की ओर से 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) आयोजित की जाएगा। अभियान के तहत शहर में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित होंगें।
21 सितंबर को तुलसी सेवा संस्थान में सुबह 9 बजे से तथा 22 सितंबर को तेरापंथ भवन, ऊपरलो में सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर शुरू होगा। अभियान को लेकर परिषद् और टीम MBDD की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। युवाओं के साथ आमजन को अभियान से जोड़ने के लिए जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां भी की जा रही हैं।
रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी”
तेरापंथ युवक परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे समय में रक्तदाता किसी के लिए जीवनरक्षक बनता है। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा कार्य से जोड़ना परिषद् की प्राथमिकता है।
युवाशक्ति आगे आए और बने अभियान की ताकत”
परिषद् मंत्री पीयूष बोथरा ने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने और अपने परिवार, मित्रों व परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि MBDD के माध्यम से रक्तदान को व्यापक जनसेवा अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
टीम MBDD जुटी तैयारियों में
टीम MBDD ने बताया कि दो दिवसीय रक्तदान अभियान को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। टीम का उद्देश्य अधिकाधिक रक्तदाताओं को जोड़ना और रक्त संग्रहण के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना है। अभियान को लेकर श्रीडूंगरगढ़ में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार MBDD के विभिन्न अभियानों में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) का लोगो सहयोग भी रहा है।
आयोजकों ने श्रीडूंगरगढ़वासियों से दोनों शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की है।











