श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 अक्टूबर 2026
वन्यजीवों के प्रति संवेदना और जीव रक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से श्रीडूंगरगढ़ के बीदासर रोड स्थित समाधि स्थल पर बुधवार को एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
क्या है घटना का इतिहास:
क्षेत्र के गांव सांवतसर की रोही में 27 अक्टूबर 1999 को शिकारियों द्वारा तीन राष्ट्रीय पक्षी मोर और 27 चिंकारा हिरणों का शिकार किए जाने की दुखद घटना हुई थी। इसी की स्मृति में श्रीडूंगरगढ़ में प्रतिवर्ष जागरण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। घटना के बाद शिकारियों का पीछा करते हुए सांवतसर के ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने श्रीडूंगरगढ़ में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया था। इसके पश्चात, बीदासर रोड पर मारे गए वन्यजीवों की स्मृति में समाधि स्थल का निर्माण किया गया, और तब से लेकर आज तक मूक प्राणियों की याद में श्रद्धांजलि अर्पित करने की यह परंपरा निरंतर चली आ रही है।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख गणमान्य लोग मौजूद:
इस आयोजन में जीव रक्षा संस्था के बीकानेर जिला अध्यक्ष मोखराम धारनिया के साथ-साथ भालूराम, हरलाल, बृजलाल कीचड़, मांगीलाल पूनियां, गोपाल रामनिवास, श्रवण भाम्भू, हरलाल पटवारी, बालाश्राम, नाथूराम, ऋषभ, श्रवण कुमार, महीराम धारनिया, और राकेश विश्नोई सहित क्षेत्र के अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। रात्रि जागरण के दौरान जगदीश, राजाराम और शिवराज लटियल एंड पार्टी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
वन्यजीव संरक्षण और विकास का प्रस्ताव:
जंभेश्वर पर्यावरण एवं सुरक्षा प्रदेश संस्था के तहसील अध्यक्ष कैलाश बिश्नोई ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में वन्यजीवों के प्रति संवेदना जगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करने का बेहतरीन अवसर हैं।
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीवों और वनस्पति की सुरक्षा के उपायों पर भी गहन चर्चा की गई। इस दौरान मोखराम धारनिया ने समाधि स्थल के सौंदर्यीकरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए मूक प्राणियों की स्मृति में एक भव्य मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
पर्यावरण प्रदूषण पर चिंता और अपील:
अवसर पर उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे पर्यावरण प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त की। साथ ही, सभी से वन्यजीवों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाधि स्थल के विकास में पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई।













