श्रीडूंगरगढ़ टुडे 16 जून 2026
ग्राम पंचायत देसू में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का मंगलवार को श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने अवलोकन किया। इस दौरान आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित भी मौजूद रहे। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से राज्यमंत्री सुथार एंव विधायक ने संवाद कर उनकी समस्याएं एवं परिवेदनाएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को उपलब्ध कराई गई।

इस दौरान अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण कर लाभान्वित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को राहत पहुंचाने तथा पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकार समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने कहा कि सरकार की मंशा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में बंशीलाल सुथार, रिखबेश सुथार, जसवंत सिंह, महावीर सिंह, पूरण सिंह सहित क्षेत्र के प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे तथा प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई।

ग्रामीण सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन द्वारा मौके पर समस्याओं की सुनवाई एवं समाधान की पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।






