श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़। सेसोमूं स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, सम्मान एवं भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरुजनों का तिलक लगाकर एवं रक्षासूत्र बांधकर उनका सम्मान किया तथा उनके प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा के मार्गदर्शन एवं अनुप्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान प्रदान करने वाले शिक्षक ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार एवं चरित्र के सच्चे निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही जीवन को सही दिशा मिलती है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके बताए आदर्शों एवं जीवन मूल्यों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में रामनिवास बेनीवाल ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान, अनुशासन एवं कृतज्ञता का भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया।





