श्रीडूंगरगढ़ टुडे 12 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस सर्कल में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत सेरूणा थाना प्रभारी संध्या बिश्नोई का तबादला बीकानेर पुलिस परामर्श केंद्र कर दिया गया है। उनके स्थान पर इमीचंद ने रविवार को सेरूणा थानाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे कोलायत सर्कल के हदा थाना में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त थानाधिकारी इमीचंद ने कहा कि पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस अधीक्षक की प्राथमिकताओं के अनुरूप क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन नीलकंठ पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त को और सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन के साथ पुलिस का बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



