श्रीडूंगरगढ़ टुडे 13 जून 2026
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की अवधि 19 जून तक बढ़ा दी है। अब वे पंजीकृत किसान भी अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे, जिनका गेहूं अब तक नहीं बिक पाया था।
राज्य सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य भी बढ़ा दिया है। पहले यह लक्ष्य 23.50 लाख मीट्रिक टन निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर
28.50 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 3 लाख से अधिक किसानों से 25.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। किसानों को केंद्र सरकार द्वारा घोषित 2585 रुपए प्रति क्विंटल एमएसपी के अलावा राज्य सरकार की ओर से 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है।
इस प्रकार किसानों को प्रति क्विंटल कुल 2735 रुपए का भुगतान मिल रहा है। सरकार के इस फैसले से उन किसानों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में अपनी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाए थे।
प्रमुख बातें
- गेहूं खरीद की अवधि 19 जून 2026 तक बढ़ाई गई
- खरीद लक्ष्य 23.50 लाख MT से बढ़ाकर 28.50 लाख MT किया गया
- अब तक 3 लाख से अधिक किसानों से 25.90 लाख MT गेहूं खरीदा गया
- MSP 2585 रुपए प्रति क्विंटल के साथ 150 रुपए बोनस
- किसानों को कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा
- पंजीकृत किसान 19 जून तक समर्थन मूल्य पर गेहूं बेच सकेंगे।




