श्रीडूंगरगढ टुडे 14 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर निर्माण और फोरलेन की मांग को लेकर कांग्रेस के युवा नेता हरिराम बाना की ओर से शुक्रवार को चक्काजाम के आह्वान के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे और हाईवे पर वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुईं। एक टीम गांव बाना पहुंची और कांग्रेस नेता हरिराम बाना को उनके घर से श्रीडूंगरगढ़ कार्यालय जाते समय पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले आई। वहीं दूसरी टीम गांव लिखमादेसर पहुंची और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध को भी पुलिस थाने लेकर आई।
इसी तरह हाईवे स्थित यूथ कांग्रेस कार्यालय पहुंची पुलिस टीम ने ठुकरियासर सरपंच प्रतिनिधि बुधाराम गांधी, सचिन सेन, संतोष जाखड़ सहित कई कार्यकर्ताओं को डिटेन किया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने यूथ कांग्रेस कार्यालय के कई चक्कर लगाए और वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं को भी थाने ले जाया गया। माकपा के युवा नेता मुकेश ज्याणी को भी पुलिस ने डिटेन कर लिया है। ज्याणी को डिटेन करने की कार्रवाई का माकपा कार्यकर्ता विरोध जता रहें है।
बताया गया कि गत 5 अगस्त को ट्रोमा सेंटर निर्माण और फोरलेन की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच समझौता हुआ था। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर समझौते में किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में शुक्रवार को हाईवे जाम करने की चेतावनी दी गई थी।
चक्काजाम के आह्वान के साथ युवाओं और कार्यकर्ताओं से यूथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचने की अपील भी की गई थी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हाईवे पर वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पहले ही मोर्चा संभाल लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।



वहीं कांग्रेस के युवा नेता हरिराम बाना सहित अनेक युवाओं को डिटेन किए जाने के बाद गांव बाना में स्टेट हाइवे पर युवाओं ने प्रदर्शन किया। यहां युवाओं ने नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया व सड़क पर टायर फूंके। युवाओं ने सड़क रोकी परंतु बसों में सवारियों को गर्मी में परेशान होते देख जनता को परेशानी नहीं करने की बात कहते हुए रोड जाम नहीं लगाने का निर्णय लिया। गांव बाना में विरोध जताने के बाद गांव से बड़ी संख्या में युवाओं ने श्रीडूंगरगढ़ कूच किया है




