श्रीडूंगरगढ टुडे 1 अक्टूबर 2026
दुलचासर देश की सेवा में समर्पित गांव के वीर सपूत जवान मुरलीमनोहर सिंह की अंतिम विदाई के दौरान गुरुवार को पूरा दुलचासर शोक में डूब गया। बीकानेर के शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी सर्किल से सैन्य वाहन में सैनिक की पार्थिव देह लेकर सुबह करीब 10 बजे दल रवाना हुआ।
विधायक सुशीला डूडी, पूर्व विधायक गिरधारी महिया, विधायक पुत्र शिव सारस्वत, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत सर्किल पहुंचे और श्रद्धाजंलि दी। यहां से भारत माता के जयकारों के साथ ये काफिला सेरूणा होते हुए गांव दुलचासर पहुंचा। बीकानेर से दुलचासर का 60 किमी का मार्ग सात घंटे में पूरा हुआ और सैनिक को अंतिम विदाई देने पग पग पर स्कूली छात्र, युवा व ग्रामीण कतारों में खड़े नजर आए। इस दौरान युवाओं के हार्थों में तिरंगा लहराता नजर आया और भारत माता के जयकारे गूंजते रहें। जगह जगह वाहन को रोककर लोगों ने सेना के जवान के प्रति सम्मान जताया। ये यात्रा 1 बजे गांव देराजसर पहुंची और यहां से सूडसर बाजार होते हुए टेऊ, दुलचासर, गोपालसर होकर तिरंगे में लिपटा वीर जवान का पार्थिव देह जैसे ही गांव पहुंचा, अपने लाल की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। गमगीन माहौल के बीच गांव की गलियों में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगों ने वीर जवान को अंतिम नमन किया।
अंतिम यात्रा में भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहे के जयघोष गूंजते रहे। परिजनों के साथ ग्रामीणों की आंखें नम थीं और हर चेहरा अपने वीर सपूत को खोने के गम में डूबा नजर आया। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने अपने घरों के बाहर खड़े होकर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार स्थल पर सैन्य जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। सैन्य जवानों की सलामी और तिरंगे में लिपटे पार्थिव देह का दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। सैन्य सम्मान के बीच विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया और वीर जवान मुरलीमनोहर सिंह का पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन हो गया।
हर आंख नम, हर दिल में सम्मान
मुरलीमनोहर सिंह की अंतिम विदाई में क्षेत्र के पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, डॉ विवेक माचरा, केसराराम गोदारा, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धाजंलि अर्पित की तो किसी ने हाथ जोड़कर वीर जवान को अंतिम नमन किया। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
सैन्य सम्मान के साथ सैन्य टुकड़ी ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। हजारों की संख्या में लोगों सहित जनप्रतिनिधियों ने सैनिक को श्रद्धाजंलि दी और पार्थिव देह को पंचतत्व में विलीन किया गया।
देश की सेवा करने वाले अपने वीर सपूत को दुलचासर ने जिस सम्मान और भावनाओं के साथ अंतिम विदाई दी, वह दृश्य लंबे समय तक ग्रामीणों की स्मृतियों में बना रहेगा।




















