श्रीडूंगरगढ टुडे 13 सितंबर 2026
बीकानेर जिले के सेरूणा थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के जीजा ने हरियाणा निवासी एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेरूणा थाना क्षेत्र निवासी ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी की बहन पिछले कुछ दिनों से उनके खेत पर आई हुई थी। 11 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह बिना किसी को बताए खेत से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
परिवादी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि हरियाणा के फतेहाबाद जिले के नचार गांव निवासी सोनू पुत्र राज पंवार उसकी साली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के अनुसार उसकी साली दो बच्चों की मां है। उसकी पांच वर्षीय बेटी खेत पर परिवार के पास थी, जबकि उसका बेटा अपने पैतृक गांव में रह रहा है।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला खेत से करीब दस हजार रुपये भी अपने साथ ले गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर सेरूणा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई शंभू सिंह को सौंपी है।



