श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 जुलाई 2026
युवा संघर्ष समिति रीड़ी ने बुधवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने और आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जर्जर हो चुकी पुरानी पानी की टंकी को हटाकर नई टंकी का निर्माण करवाने की मांग की।

ग्रामीणों ने सरकारी स्कूल के सामने बरसात के दौरान होने वाले जलभराव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि बारिश के समय स्कूल के बाहर पानी भर जाने से विद्यार्थियों का आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने समय रहते स्थायी समाधान करने की मांग की।
इसके अलावा अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के जर्जर भवन के स्थान पर नया भवन बनवाने तथा विभिन्न स्कूलों में डेपुटेशन पर कार्यरत शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापन स्थान पर भेजने की भी मांग की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो गांव के लोग बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में रेखाराम कालवा, बिझाराम जाखड़, मनोज जाखड़, पुरनाथ जाखड़, गणपत, रामनिवास, प्रहलाद, गिरधारी नाथ, भगवानाराम, हेतराम, तुलसीराम जाखड़, गोपी खाती, चांद जाखड़, सोनू, सुनील सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने पंचायत समिति के विकास अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।












