श्रीडूंगरगढ टुडे 3 सितंबर 2026
उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के संस्थापक अध्यक्ष सोहनलाल गट्टानी की छठीं पुण्यतिथि पर श्रीडूंगरगढ़ माहेश्वरी सभा एवं बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा की ओर से विभिन्न सेवा एवं सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिवंगत सोहनलाल गट्टानी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। पुण्यतिथि को समाज सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जरूरतमंदों, विद्यार्थियों, मरीजों, गौवंश एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
- स्वास्थ्य सेवा: राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में मरीजों की सुविधा हेतु कूलर भेंट किया गया, वहीं सरकारी उप चिकित्सालय में उपचाररत रोगियों को फल वितरित किए गए।
- शिक्षा में सहयोग: समाज की दो बालिकाओं की शिक्षा को निरंतर रखने के लिए ब्राइट फ्यूचर स्कूल में उनकी फीस के रूप में कुल ₹56,000 (क्रमशः ₹32,000 एवं ₹24,000) जमा करवाए गए।
- पर्यावरण व जीवदया: श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही गौवंश के लिए गुड़ एवं खल की व्यवस्था की गई।
- जरूरतमंदों को राहत: सेवा कार्यों के तहत समाज के दो जरूरतमंद परिवारों को एक-एक माह का राशन उपलब्ध करवाया गया।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि सोहनलाल गट्टानी ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा में समर्पित किया और उनके आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इन सेवा कार्यों के आयोजन में सहयोग के लिए दानदाता मुरलीधर सोनी (जोरहाट) तथा प्रेरणा स्रोत अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश राठी (जोरहाट/श्रीडूंगरगढ़) का सदस्यों ने आभार व्यक्त किया।




