श्रीडूंगरगढ़ टुडे 15 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के हेमासर फांटे के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बताया कि हरियाणा नंबर की कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसमे कार ड्राइव कर रहे ओमप्रकाश (50) पुत्र भागीरथ बिश्नोई, उनकी पत्नी सोरमा देवी (45) और बेटी प्रमिला (3) के अलावा रोनित (4) पुत्र सुरेंद्र कुमार, यशवी (10) पुत्री अमित और खुशी (8) पुत्री संदीप की मौत हुई है।
हादसे में तनवी (2) पुत्री संदीप को गंभीर हालत में पीबीएम हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में रेफर किया गया है। सभी मृतक हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले थे।

मुकाम से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग हरियाणा के फतेहाबाद जिले के निवासी थे। परिवार बीकानेर स्थित मुकाम में बिश्नोई समाज के गुरु जम्भेश्वर भगवान के समाधि स्थल के दर्शन कर वापस हरियाणा लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
गंभीर घायल बच्ची पीबीएम रेफर
हादसे में घायल बच्ची को पहले श्रीडूंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
शवों को सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया
हादसे के बाद सभी शवों को आपणो गांव सेवा समिति और टोल एंबुलेंस की सहायता से श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बालिका शामिल हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

इलाके में शोक की लहर
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की खबर से हरियाणा और बिश्नोई समाज में शोक की लहर फैल गई है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।






