श्रीडूंगरगढ टुडे 10 सितंबर 2026
शहर के भविष्य का फैसला आखिरकार उस मोड़ पर पहुंच गया है, जहां किसी प्रत्याशी का दावा या राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि ईवीएम में दर्ज जनता का एक-एक वोट शहर की दिशा तय करेगा। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका चुनाव के तहत शुक्रवार को 40 वार्डों के कुल 44,383 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 22,788 पुरुष, 21,594 महिला और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
शहर के सभी 51 मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच चुके हैं और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह 7:00 बजे से शुरू होकर शाम 6:00 बजे तक चलेगा।
प्रचार का शोर थमा, अब मतदाता की खामोशी बढ़ा रही बेचैनी
चुनाव प्रचार का शोर पूरी तरह थम चुका है। रैलियां, दावों की बयानबाजी और समर्थकों की भागदौड़ अब पीछे छूट गई है। इस बार के चुनाव में सबसे बड़ी खासियत मतदाताओं की चुप्पी रही है। किसी भी वार्ड में मतदाता खुलकर अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं, जिससे प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो गई हैं।
चुनावी पंडितों का भी मानना है कि इस बार तस्वीर किसी एक तरफ झुकी हुई नजर नहीं आ रही है। कहीं सीधा मुकाबला है तो कहीं त्रिकोणीय और चौतरफा संघर्ष देखने को मिल रहा है।
प्रतिष्ठा की जंग: एक-एक वोट से पलटेगा गणित
यह चुनाव सिर्फ पार्षद बनने का नहीं, बल्कि स्थानीय नेताओं और प्रमुख राजनीतिक दलों की साख का सवाल बन चुका है। नगरपालिका चुनावों में अक्सर हार-जीत का अंतर बेहद मामूली रहता है, ऐसे में एक-एक वोट वार्ड के समीकरणों को बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।
मतदान के लिए ये बातें रखें ध्यान:
- समय: सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक।
- जरूरी दस्तावेज: मतदान केंद्र पर पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य है। वोटर आईडी के अलावा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस या सरकार द्वारा जारी अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र मान्य होंगे।
- सुविधा: वोटर पर्ची साथ रखने से मतदान केंद्र पर प्रक्रिया में आसानी होगी।
शहर के 40 वार्डों का यह मुकाबला अब पूरी तरह जनता के विवेक पर निर्भर करता है । कल श्रीडूंगरगढ़ का मतदाता सिर्फ वोट नहीं डालेगा, बल्कि अगले पांच सालों के विकास का नया अध्याय लिखेगा।



