श्रीडूंगरगढ़ टुडे 23 सितंबर 2026
दयानंद विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ के छात्र-छात्राओं ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 16 स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं मलखम्भ प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्र-छात्राओं की टीम ने लगातार पाँचवीं बार विजेता बनकर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी।
विद्यालय परिसर में बुधवार को 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित मलखम्भ प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दयानंद विद्या निकेतन की छात्राओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं छात्रों की टीम ने रा.उ.मा. विद्यालय गुल्लूवाली की टीम को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया तथा विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मलखम्भ प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी शक्ति, संतुलन, लचीलापन, साहस और उत्कृष्ट कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खंभे पर चढ़कर विभिन्न कठिन आसनों एवं आकर्षक करतबों का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
पारंपरिक खेल को नई पीढ़ी तक पहुंचाना गौरव की बात : डॉ. अवधेश स्वामी
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अशोक शास्त्री एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अवधेश स्वामी रहे।
डॉ. अवधेश जी स्वामी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी द्वारा मलखम्भ जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को सहेजना और आगे बढ़ाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मलखम्भ केवल शारीरिक कौशल का खेल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण और मानसिक दृढ़ता का प्रतीक है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने उन्हें प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि श्री अशोक जी शास्त्री ने कहा कि मलखम्भ एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण और आकर्षक भारतीय खेल है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने पारंपरिक खेलों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने की आवश्यकता बताई।
विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान
संस्था के प्रधानाचार्य विनोद बेनीवाल ने समारोह में उपस्थित अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
समापन समारोह में शारीरिक शिक्षक अजय जी, प्रदीप जी, जेठमल जी चुरा, वरुण जी शर्मा, भंवरलाल जी, दल प्रभारी सुनीता जी बेनीवाल, अन्नपूर्णा जी, संगीता जी सुथार, बसु जी, शिवानी जी, सीताराम जी, अयूब जी, राकेश जी, डॉ. विनोद चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ, खिलाड़ी, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों को बधाई दी। 16 स्वर्ण पदकों की उपलब्धि और मलखम्भ में लगातार पाँचवीं बार विजेता बनने की सफलता ने दयानंद विद्या निकेतन को खेल क्षेत्र में एक बार फिर गौरवान्वित किया।




















