श्रीडूंगरगढ़ टुडे 16 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ के लूणकरणसर रोड पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कालू रोड पर गुसाईसर गांव के पास पिकअप और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पलट गया, वहीं अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति वाहन में ही फंस गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक संस्था एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी तथा आपणों गांव सेवा समिति की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान गौरव टाडा पुत्र चुनीलाल निवासी श्रीडूंगरगढ़, गिरधारी पुत्र केशव प्रसाद जाखड़ निवासी सातलेरा, शारदा पत्नी गिरधारीलाल निवासी सातलेरा, संतोष पत्नी कुन्दनमल निवासी बेनीसर तथा देवकरण पुत्र बद्रीराम निवासी राजेरा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीर हालत में पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर किया गया।
वहीं मृतक की पहचान रामकुमार पुत्र बद्रीराम निवासी राजेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलने पर सब इंस्पेक्टर मोहनलाल कड़वासरा उप जिला अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना के बारे में जानकारी ली।





