श्रीडूंगरगढ टुडे 21 जुलाई, 2026
राजस्थान सरकार के श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार के आवास पर मंगलवार को अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कौशल विकास, स्वरोजगार, सामाजिक उत्थान और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। रामगोपाल सुथार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने और प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वहीं, आयोग अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। दोनों नेताओं ने जनहित और समाजहित के कार्यों में मिलकर कार्य करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





