श्रीडूंगरगढ टुडे 25 सितंबर 2026
बाबा भैरवनाथ की आराधना में शुक्रवार को पूरा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। सुबह से ही मंदिरों में बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई दी और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। तोलियासर, बिग्गा व लखासर व मोमासर धाम के साथ कस्बे के भैरवनाथ मंदिर, काला-गोरा भैरव मंदिर और आडसर बास स्थित तोलियासर भैरव मंदिर, भैरव धोरा मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन और आकर्षक सजावट की गई।

तोलियासर धाम में विशेष श्रृंगार और छप्पन भोग
विश्वरक्षक बाबा काल भैरव के तोलियासर धाम में अलसुबह बाबा का विशेष पूजन किया गया। स्व. भीकमचंद सेठिया परिवार की ओर से मंदिर में ताजा फूलों से भव्य सजावट करवाई गई। बाबा को विशेष छप्पन भोग लगाया गया। वहीं 601 किलो लड्डुओं का भोग भी लगाया जाएगा। बाबा के श्रृंगार में अंजीर की विशेष माला आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर में लाइटिंग डेकोरेशन भी करवाया गया है। दोपहर में बाबा का महाअभिषेक एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
दूर-दराज से पहुंचे बाबा के भक्त
बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रीडूंगरगढ़ सहित आसपास के कस्बों से श्रद्धालु पहुंचे। पंजाब, हरियाणा, गुजरात, दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
बिग्गा धाम में 101 किलो रोटे का भोग, रात को जागरण
बिग्गा धाम में बाबा भैरव को 101 किलो रोटे का भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही रात 9 बजे से आकृति मिश्रा एंड पार्टी, भीलवाड़ा की ओर से भव्य जागरण होगा। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु बाबा की भक्ति में देर रात तक रमेंगे।
मोमासर में तोलियासर भेरूजी महाराज के वार्षिकोत्सव पर भव्य जागरण आयोजित, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
मोमासर कस्बे स्थित तोलियासर भेरुजी महाराज मंदिर परिसर में भेरुजी महाराज के वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर भव्य जागरण का आयोजन किया गया।
जागरण की शुरुआत में लाडनूं के सुप्रसिद्ध भजन गायक राकेश चौहान एंड पार्टी तथा जयपुर की सुप्रसिद्ध गायिका पूजा जांगिड़ एंड पार्टी ने अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और संपूर्ण मंदिर प्रांगण जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर के पुजारी शिवप्रसाद शर्मा ने बताया कि वार्षिकोत्सव का यह धार्मिक आयोजन भैरव भक्त मंडल मोमासर एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्त्वावधान में अपार श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर भेरुजी महाराज को भोग लगाकर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
श्रीडूंगरगढ आडसर बास भेरूजी मन्दिर में लगाया भोग बाबा का किया भव्य श्रृंगार
श्रीडूंगरगढ आडसर बास में भैरुनाथ मंदिर में तापड़िया परिवार द्वारा 4 क्विटल रोटिया का भोग लगाया गया जिसमें बड़ी संख्या में भैरू भक्त मौजूद रहे। तापड़िया परिवार के सदस्य श्री हरि प्रसाद जी ने बताया की उनके परिवार द्वारा हर साल बड़ी धूम धाम से बाबा के जन्म दिवस पर रोटियां का भोग लगाया जाता है।











