श्रीडूंगरगढ़ टुडे 17 अगस्त 2026
महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमणजी की प्रबुद्ध सुशिष्या शासन श्री साध्वी कंचन प्रभाजी के सानिध्य में “छूए ज्ञान सम्पदा के रहस्यों को” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए साध्वी कंचन प्रभाजी ने बताया कि हमारी आत्मा में ज्ञान का असीम भंडार छिपा हुआ है। द्रव्य, क्षेत्र और काल की भूमिका के अनुसार कभी ज्ञान का विकास होता है, तो कभी कषाय और क्रोध के प्रभाव से वही ज्ञान अज्ञान में परिणत हो जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि हमें ऋजुता (सरलता) और मृदुता (कोमलता) की साधना करते हुए ज्ञान की ऊंचाइयों को छूना चाहिए ताकि आत्मा का ऊर्ध्वरोहण हो सके। केवल ज्ञान की प्राप्ति ही जीवन की परम उपलब्धि है।
कार्यक्रम में शासन श्री साध्वी मंजु रेखाजी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक मनुष्य को सही दिशा नहीं मिलती, तब तक जीवन की सार्थकता समझ नहीं आती। वर्तमान जीवनशैली में घट रही अनहोनी घटनाओं का मूल कारण अज्ञान ही है। उन्होंने युवाओं और श्रद्धालुओं को प्रेरणा दी कि वे अपनी ऊर्जा को संयम के परमाणुओं से परिष्कृत और पुष्ट करें। मति ज्ञान और श्रुत ज्ञान के आधार पर ही नई पीढ़ी का श्रेष्ठ निर्माण संभव है।
गरिमापूर्ण उपस्थिति
इस अवसर पर संस्था और समाज के अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे:
- फाउंडेशन अध्यक्ष: कुंदनमल धाकड़
- कार्याध्यक्ष: गणपतलाल डागलिया
- सभा उपाध्यक्ष: दिनेश धाकड़
- तेयुप अध्यक्ष: सुमीत सुराणा
- कोषाध्यक्ष: रोनक धाकड़
- महिला मंडल अध्यक्ष: लतिका डागलिया
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सभा के मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ द्वारा प्रदान की गई।



