श्रीडूंगरगढ टुडे 9 सितंबर 2026
तेरापंथ भवन मोमासर में पर्यूषण पर्वाराधना का दूसरा दिन ‘स्वाध्याय दिवस’ के रूप में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत समिति मोमासर की अध्यक्षा सुमन बाफना द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ।

इसके पश्चात प्रवचन श्रृंखला में उपासिका अंजना गोखरू एवं मैना काठेड़ ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
उपासिका अंजना गोखरू ने कहा कि पर्यूषण महापर्व का दूसरा दिन आत्म-अध्ययन, ज्ञान प्राप्ति और मन की पवित्रता को समर्पित है। इस दिन धर्म ग्रंथों तथा सदसाहित्य के पठन-पाठन से विचारों को शुद्ध करने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।

उपासिका मैना काठेड़ ने स्वाध्याय के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुरे विचारों को त्याग कर पवित्र भावों को बढ़ाना ही मन की सच्ची शुद्धि है। शास्त्रों के निरंतर मनन एवं स्वाध्याय से पूर्व संचित कर्मों की निर्जरा होती है। उन्होंने सभी को मोबाइल एवं बाहरी व्यर्थ की प्रवृत्तियों से दूर रहकर संयम का जीवन जीने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धनराज पटावरी, द्वितीय उपाध्यक्ष चंदा बोथरा, सह-मंत्री छोटू लाल सेठिया, अणुव्रत समिति मंत्री राकेश संचेती, महिला मंडल से पुष्पा पटावरी, ज्ञानशाला शिक्षिका रेनू संचेती तथा दिल्ली से पधारीं कल्पना सेठिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




