श्रीडूंगरगढ टुडे 21 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत बीकानेर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14,992 किलोग्राम आयोडाइज्ड नमक और 1,103 किलोग्राम बादाम को जांच रिपोर्ट आने तक सीज कर दिया है।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि 18 अगस्त से 21 अगस्त तक जिले में सोहन पपड़ी, रसगुल्ला, नमकीन, बेसन लड्डू, काजू डोडा बर्फी, गुलाब जामुन, आयोडाइज्ड नमक, आलू की सब्जी, यूज्ड कुकिंग ऑयल, चिड़ावा पेड़े, बादाम और काजू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 16 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए हैं।
अभियान के दौरान करीब 510 किलोग्राम मिठाई एवं अन्य दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, मैसर्स श्री श्याम ट्रेडर्स के यहां से महाभोग और राधे-राधे ब्रांड का 14,992 किलोग्राम आयोडाइज्ड नमक तथा मैसर्स चित्रा आइस फैक्ट्री एंड कोल्ड स्टोर में रखे 1,103 किलोग्राम बादाम को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया है।
विभाग ने सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेन्द्र कुमार और राकेश गोदारा द्वारा की गई।



