श्रीडूंगरगढ टुडे 31 अक्टूबर 2026
अपनी प्रतिभा, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के दम पर श्रीडूंगरगढ़ के एक और होनहार बेटे ने देशभर में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कालूबास निवासी हिमांशु जोशी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए सम्मानित किया जाएगा। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अधीन डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की मुंबई इकाई में इंटेलिजेंस ऑफिसर के पद पर कार्यरत हिमांशु की इस उपलब्धि से श्रीडूंगरगढ़ में गर्व और खुशी का माहौल है।
गृह मंत्रालय की ओर से दिया जाने वाला यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान देश के लिए असाधारण सेवाएं देने वाले अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता और समर्पण के लिए प्रदान किया जाता है। हिमांशु को यह पदक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रदान किया जाएगा। कम उम्र में इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होकर उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के सामने सफलता की एक नई मिसाल पेश की है।
एक ही साल में दो प्रतिष्ठित सम्मान
हिमांशु की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इसी वर्ष 1 जुलाई को नई दिल्ली स्थित CSOI में आयोजित 9वें GST दिवस समारोह में उन्हें CBIC Certificate of Excellence (उत्कृष्टता प्रशस्ति पत्र) से भी सम्मानित किया गया था। भारत के राजस्व सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने उन्हें यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) की ओर से यह सम्मान अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सराहनीय सेवाओं के लिए दिया जाता है।
दादा-नाना की सीख और मामाजी का मार्गदर्शन बना आधार
हिमांशु जोशी अपनी इन सफलताओं का श्रेय अपने स्वर्गीय दादा शेराराम जोशी और नाना कृष्ण पांडिया से मिली सच्चाई, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सीख को देते हैं। वहीं, उनके मामा पंकज पारीक (पंकज सर) के मार्गदर्शन का भी उनकी सफलता में विशेष योगदान रहा है।
हिमांशु के पिता देवदत्त जोशी और माता रचना देवी जोशी हैं। कालूबास से निकलकर देश की महत्वपूर्ण जांच एवं खुफिया एजेंसी में अपनी सेवाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करना न केवल परिवार, बल्कि पूरे श्रीडूंगरगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।











