श्रीडूंगरगढ टुडे 13 सितंबर 2026
क्षेत्र के युवा अर्जुन उपाध्याय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में सफलता हासिल कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अर्जुन पुत्र भवानी उपाध्याय का चयन ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई में 124वें शॉर्ट सर्विस कमीशन (नॉन टेक्निकल) कोर्स के लिए हुआ है। उन्हें रक्षा मंत्रालय के इंटीग्रेटेड हेडक्वार्टर्स (आर्मी) की ओर से जॉइनिंग लेटर जारी किया गया है।
अर्जुन ने CDS की लिखित परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद पांच दिवसीय SSB इंटरव्यू में भाग लिया। SSB के दौरान साइकोलॉजिकल टेस्ट, ग्रुप टास्क (GTO) और पर्सनल इंटरव्यू के जरिए उनकी नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और बौद्धिक योग्यता का परीक्षण किया गया। अर्जुन ने इन सभी चरणों में सफलता हासिल करते हुए सेना के लिए अनुशंसित स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद उन्होंने सेना के निर्धारित चिकित्सकीय मानकों को पूरा करते हुए स्पेशल मेडिकल बोर्ड की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी की और मेडिकल फिट घोषित हुए। अंतिम मेरिट सूची में स्थान बनाने के बाद उनका चयन OTA चेन्नई के लिए हुआ है। अर्जुन का रोल नंबर 0810656 (SSC Non-Tech-124) है।

24 सितंबर को शुरू होगा सैन्य प्रशिक्षण: अर्जुन 24 सितंबर 2026 को OTA चेन्नई में रिपोर्ट करेंगे। यहां उन्हें करीब 11 महीने यानी 49 सप्ताह की कठोर सैन्य ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। इसके बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया जाएगा और वे देश सेवा के अपने सैन्य सफर की शुरुआत करेंगे।
विमल भाटी ने बताया कि अर्जुन की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। CDS जैसी कठिन परीक्षा के विभिन्न चरणों में सफलता हासिल कर उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।




