श्रीडूंगरगढ टुडे 23 अक्टूबर 2026
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखासर टोल प्लाजा पर निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 62 वाहन चालकों की आंखों की निशुल्क जांच की गई।
जांच के बाद नजर की कमजोरी से पीड़ित 11 जरूरतमंद चालकों को मौके पर निशुल्क चश्मे वितरित किए गए जांच के दौरान 1 वाहन चालक में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिसे उचित उपचार की सलाह दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देश पर सीकर-बीकानेर हाइवे लिमिटेड की ओर से एएसजी हॉस्पिटल बीकानेर एवं आई हॉस्पिटल श्रीडूंगरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शिविर लगाया गया।
शिविर में डॉ. सुनील गोयल, दीपमाला शर्मा, मीणा सारण, डॉ. कपिल चौहान, हरेंद्र गोयल और प्रवीण खत्री ने अपनी सेवाएं दीं।
टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से मैनेजर सुनील सिंह, निकिन कुमार, राजेश पैरामेडिकल और उम्मेद सिंह ने शिविर के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
सड़क सुरक्षा पर दिया जोर
टोल प्रबंधक सुनील सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से वाहन चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर पता लग जाता है और उनका उपचार संभव होता है। इससे रात के समय या लंबी यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
शिविर के सफल आयोजन के दौरान आरटीओ जितेंद्र सिंह भाटी, आनंद सिंह सहित श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस स्टाफ भी विशेष रूप से मौके पर मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।








