श्रीडूंगरगढ टुडे 23 जुलाई 2026
बीकानेर-जयपुर नेशनल हाईवे 11 पर सातलेरा बस स्टैंड के पास गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा टल गया। श्रीडूंगरगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि गाय उछलकर दूर जा गिरी, जबकि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक बस से जा भिड़ा। बस चालक की सूझबूझ से वाहन समय रहते नियंत्रित हो गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गाय को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। ग्रामीणों का कहना है कि बस पलटने की स्थिति में आ गई थी, लेकिन चालक ने समय रहते नियंत्रण कर लिया। हादसे के बाद बस चालक बस को लेकर रवाना हो गया। घटना में किसी यात्री या चालक के घायल होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों ने उठाए हाईवे सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि इसी स्थान पर बुधवार देर रात भी एक वाहन की टक्कर से एक सांड की मौत हो गई थी। इसके बावजूद हाईवे निर्माण कंपनी ने अब तक यहां पशु विचरण क्षेत्र, बस स्टैंड और हाईवे क्रॉसिंग संबंधी कोई चेतावनी संकेतक नहीं लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सातलेरा से तोलियासर, जैतासर और ठुकरियासर को जोडऩे वाला कटानी मार्ग इसी स्थान से हाईवे को पार करता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और ग्रामीण आवागमन करते हैं। चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और हाईवे निर्माण कंपनी से तत्काल सुरक्षा संकेतक लगाने तथा आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।




