श्रीडूंगरगढ टुडे 7 सितंबर 2026
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़ में आज विज्ञान मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। मेले में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विज्ञान पर आधारित कई नवीन एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए।
मेले का सफल संचालन प्रभारी शुभकरण एवं सहायक प्रभारी सुरभि पारीक के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय की प्राचार्य नाजिमा अजीज ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना करते हुए कहा, “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को विकसित करते हैं तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी व वैज्ञानिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
मेले में प्रस्तुत मॉडलों में मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, तकनीकी नवाचार तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से जुड़े आकर्षक प्रोजेक्ट शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और वैज्ञानिक चेतना का माहौल बना रहा।








