श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 जुलाई 2026
केंद्र सरकार ने एक जुलाई 2026 से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के स्थान पर विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) लागू कर दी है। गुरुवार को आंध्र प्रदेश के तिरूपति में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह ने योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में ग्राम पंचायत राजेडू में योजना की शुरुआत की गई।

ग्राम पंचायत राजेडू में आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, विकास अधिकारी मनोज कुमार तथा सरपंच (प्रशासक) मैथी देवी ने योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एसडीएम शुभम शर्मा ने बताया कि नई योजना के तहत अकुशल श्रमिकों को वर्ष में 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी। साथ ही प्रतिदिन 300 रुपए मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। योजना में खेती, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक एवं टिकाऊ आधारभूत ढांचे के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और ग्रामीण विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।






