श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अगस्त 2026
ग्राम पंचायत मोमासर में मंगलवार को ‘ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर-2026’ का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न प्रशासनिक और जनकल्याणकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया और कई योजनाओं का लाभ वितरित किया।
शिविर के दौरान प्रमुख विभागों द्वारा किए गए कार्य एवं वितरण:
- राजस्व एवं कृषि विभाग: RJ फार्मर रजिस्ट्री के तहत 15 नए पंजीकरण किए गए। इसके अलावा PM किसान सम्मान निधि से संबंधित किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया गया व अन्य राजस्व संबंधी कार्य संपादित किए गए।
- पंचायती राज विभाग: ग्राम पंचायत द्वारा 10 आवासीय पट्टे जारी किए गए। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने के साथ-साथ पंचायत से जुड़ी अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
- पशुपालन एवं सहकारिता विभाग: पशुपालन विभाग द्वारा मंगला योजना के अंतर्गत 10 पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। वहीं सहकारिता समिति द्वारा किसानों को फसली ऋण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
- चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग: आयुर्वेद अस्पताल की टीम द्वारा शिविर में आए 23 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी गईं।
- परिवहन एवं वन विभाग: परिवहन विभाग की ओर से 2 नए आई-कार्ड एवं पूर्व में तैयार 28 कार्ड वितरित किए गए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को 3 पौधे वितरित किए गए।
- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग: पालनहार योजना के तहत 2 लाभार्थियों का नवीन आवेदन करवाया गया एवं सामाजिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में राजस्व विभाग से गिरदावर रामनिवास पाण्डिया, पंचायती राज विभाग से सहायक विकास अधिकारी रामदयाल जाखड़, ग्राम पंचायत प्रशासक सरिता देवी संचेती, जुगराज संचेती, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से छात्रावास अधीक्षक राकेश कुमार, पटवारी जयप्रकाश मीणा एवं ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।





