श्रीडूंगरगढ टुडे 28 अगस्त 2026
क्षेत्र में सेवाभावी नागरिकों द्वारा जीव-जंतुओं की सेवा और अपने धन का सदुपयोग करते हुए लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह रेलवे फाटक के पास स्थित शांति नगर कॉलोनी में सामूहिक सहयोग से निर्मित एक नए पक्षी व पशु सेवा चबूतरे का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ लोकार्पण किया गया।
चबूतरे के ऊपरी हिस्से में पक्षियों के लिए चुग्गे-दाने की व्यवस्था की गई है, जबकि निचले भाग में बनी खेली में बेसहारा पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल भरा गया। पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाने के बाद मुख्य अतिथि जतनसिंह राजपुरोहित एवं शूरवीर मोदी ने चबूतरा आमजन व मूक पशु-पक्षियों की सेवा में समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्धजनों और मोहल्लेवासियों ने परिसर में छायादार पौधों का रोपण भी किया। सभी ने इन पौधों की देखरेख व संरक्षण का संकल्प लेते हुए समाज को पर्यावरण संवर्धन में भागीदार बनने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जगदीश प्रसाद, लालचंद, राकेश पांडया, राजू भुट्टा, गंगाबिशन बलिहारा, राधाकिशन सुनार, गंगाराम, सुमन देवी, मोहन मेघवाल, जगदीश सिंह, मदन मेघवाल सहित कॉलोनी के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





