श्रीडूंगरगढ़ टुडे 31 मई 2026
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के सत्र 2026-2028 के अध्यक्ष पद पर श्रीमती सुशीला पुगलिया निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। रविवार को तेरापंथ भवन, धोलिया नोहरा में आयोजित आमसभा में मुख्य चुनाव अधिकारी निर्मल कुमार डागा ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।
अध्यक्ष पद के लिए प्रारंभिक रूप से पांच नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें सुशीला पुगलिया, सुमति पारख, छतरसिंह बोथरा, प्रदीप पुगलिया एवं संजय पुगलिया शामिल थे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुमति पारख ने गुरु इंगित को शिरोधार्य करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया। बिना किसी दबाव व स्वविवेक से छतरसिंह बोथरा, प्रदीप पुगलिया तथा संजय पुगलिया ने भी अपने नामांकन वापस ले लिए।

27 मई तक सभी अन्य प्रत्याशियों के नामांकन वापस हो जाने के कारण सुशीला पुगलिया एकमात्र उम्मीदवार के रूप में शेष रहीं। आमसभा में सहायक चुनाव अधिकारी कांति कुमार पुगलिया ने सदन को इसकी जानकारी प्रदान की, जिसके उपरांत मुख्य चुनाव अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि सुशीला पुगलिया लगातार दूसरी बार सभा की अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं तथा दोनों ही अवसरों पर उन्हें निर्विरोध समर्थन प्राप्त हुआ है, जो उनके नेतृत्व एवं संगठन के प्रति समाज के विश्वास को दर्शाता है।

निर्वाचन की घोषणा के पश्चात नव निर्वाचित अध्यक्ष सुशीला पुगलिया ने आचार्यश्री महाश्रमण को विनम्र वंदन करते हुए समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संघ, संघपति एवं संस्था की सेवा में स्वयं को पूर्ण समर्पण के साथ नियोजित रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास एवं संगठन की उन्नति के लिए सदैव तत्पर रहेंगी।
इससे पूर्व सभा की कार्यवाही के अंतर्गत मंत्री प्रदीप पुगलिया ने मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। गत बैठक की कार्यवाही का वाचन किया गया तथा आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष रखा गया। तत्पश्चात निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने हेतु कार्यभार मुख्य चुनाव अधिकारी को सौंपा गया।

निर्वाचन की घोषणा होते ही सभा में उपस्थित सदस्यों ने ‘ॐ अर्हम्’ की मंगलध्वनि के साथ नव निर्वाचित अध्यक्ष का अभिनंदन किया तथा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन एवं सभा सदस्य उपस्थित रहे।


