श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 जून 2026
राज्य सरकार के जनकल्याण अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति नोखा की ग्राम पंचायत मसूरी में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर–2026 का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

शिविर में पात्र लाभार्थियों को कुल 8 आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। पट्टा प्राप्त करने वालों में कमला देवी एवं मोहन लाल पोटलिया सहित अन्य लाभार्थी शामिल रहे। लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।

शिविर में पेयजल, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार लिंकिंग, नाम संशोधन, भूमि अभिलेख, मनरेगा तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान ग्राम बीदासरिया के ग्रामीणों ने सार्वजनिक ट्यूबवेल खराब होने से उत्पन्न पेयजल संकट के समाधान हेतु नए ट्यूबवेल की स्वीकृति के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

शिविर में तहसीलदार (जसरासर) एवं मुख्य शिविर प्रभारी विवेक चौधरी, अतिरिक्त विकास अधिकारी गोपालदान चारण, ग्राम पंचायत मसूरी के प्रशासक (सरपंच) संग्राम राम हुड्डा, ग्राम विकास अधिकारी नंदराम थालौड़, सामाजिक कार्यकर्ता सोहन लाल मेघवाल (बीदासरिया) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने शिविर को जनहित में अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने से आमजन को काफी राहत मिली है तथा इस पहल की सराहना की।





