श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 जून 2026
सामाजिक लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सोसायटी (SSAAT), जयपुर तथा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (NIRDPR), हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान एवं जिला परिषद बीकानेर के सहयोग से VB-GRAMG योजना अंतर्गत बीकानेर एवं चूरू जिलों के ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों के सामाजिक अंकेक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन एवं क्षमता संवर्धन हेतु दो दिवसीय संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण का सोमवार हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा), बीकानेर में शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय नोडल अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक नन्दलाल शर्मा, मुख्य प्रशिक्षक मुकेश पुजारी (जिला परिषद हनुमानगढ़) तथा प्रशिक्षक सहयोगी श्रीमती इमरता कुमारी (जिला परिषद चूरू) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस प्रशिक्षण में बीकानेर एवं चूरू जिलों के कुल 22 ब्लॉक संसाधन व्यक्ति भाग ले रहे हैं तथा सभी प्रतिभागियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। प्रशिक्षण का उद्देश्य VB-GRAMG योजना के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना, संसाधन व्यक्तियों की तकनीकी दक्षता का विकास करना तथा ग्राम स्तर पर पारदर्शी, जवाबदेह एवं सहभागी कार्यप्रणाली को सशक्त बनाना है।
प्रथम दिवस के प्रशिक्षण में संभागीय नोडल अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक नन्दलाल शर्मा ने प्रतिभागियों को VB-GRAMG योजना की अवधारणा, शासन व्यवस्था, अधिनियम के प्रमुख प्रावधान, सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, रोजगार गारंटी, समय-सीमाएँ, कार्य आवंटन, श्रमिक अधिकार, मजदूरी भुगतान, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं डिजिटल निगरानी प्रणाली सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने सहभागितापूर्ण गतिविधियों, उदाहरणों एवं संवादात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से प्रतिभागियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के व्यावहारिक पक्षों से अवगत कराया।

मुख्य प्रशिक्षक मुकेश पुजारी ने सामाजिक अंकेक्षण की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के परीक्षण, वित्तीय प्रबंधन, जनसहभागिता, ग्राम स्तर पर संसाधन व्यक्तियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व तथा गुणवत्तापूर्ण सामाजिक अंकेक्षण के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रशिक्षक सहयोगी श्रीमती इमरता कुमारी ने प्रशिक्षण गतिविधियों के सफल संचालन, समूह अभ्यास, तकनीकी सत्रों के समन्वय एवं प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर प्रतिभागियों का पूर्व ज्ञान परीक्षण (प्री-टेस्ट) आयोजित किया गया। साथ ही प्रश्नोत्तरी, समूह गतिविधियाँ एवं सहभागितापूर्ण अभ्यासों के माध्यम से प्रशिक्षण को रोचक, व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुख बनाया गया।

बाबूलाल गर्ग ने बताया कि प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक बताया। यह दो दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर कार्यरत संसाधन व्यक्तियों की क्षमता वृद्धि करते हुए VB-GRAMG योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक अंकेक्षण की गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





