श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (बीकानेर-रतनगढ़) को फोरलेन बनाने की मांग पर प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दी गई है। अब परियोजना की अंतिम स्वीकृति केंद्र सरकार से मिलना बाकी है।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि वे इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से लगातार पत्राचार कर रहे हैं। इसी क्रम में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे पत्र में परियोजना की वर्तमान स्थिति और विभागीय कार्रवाई की जानकारी दी है।
विभाग के अनुसार, सीकर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल रियायत (कंसेशन) व्यवस्था के तहत संचालित है। वहीं, बीकानेर-रतनगढ़ खंड को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव आगे बढ़ चुका है। वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना में सीकर बाईपास से लक्ष्मणगढ़ होते हुए रतनगढ़ तक सड़क को दो लेन से चार लेन में विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है।
विधायक सारस्वत ने कहा कि बीकानेर-रतनगढ़ फोरलेन बनने से श्रीडूंगरगढ़ सहित पूरे क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा लोगों का सफर अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से परियोजना को जल्द मंजूरी मिलेगी और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।





