श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 जुलाई 2026
क्षेत्र के गांव सातलेरा में गुरुवार रात चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने एक परिवार को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर गहरी नींद में सुला दिया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोर महिला के पैरों में पहनी चांदी की पाजेब भी काटकर ले गए। पीड़ित ने पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ में रिपोर्ट देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित भंवरलाल पुत्र चोखाराम मेघवाल निवासी सातलेरा ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद घर के बाखळ में सो गए थे। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए। चोर घर में रखा संदूक उठाकर बाहर गली में ले गए और उसका ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण तथा 1400 रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद संदूक को गली में ही छोड़कर फरार हो गए।
परिवार के अनुसार सुबह उठने पर सभी को चक्कर जैसा महसूस हुआ। जब घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान और कपड़े बिखरे पड़े थे, तिजोरी का ताला टूटा हुआ था और संदूक गायब थी। बाहर गली में संदूक टूटी हुई अवस्था में मिली। चोर घर की महिला की पाजेब भी काटकर ले गए। घर के मुख्य गेट के पास चोरों के पैरों के निशान भी दिखाई दिए, जिससे आशंका है कि चोर उसी रास्ते से घर में आए और वापस गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, एक सोने की ठुसी, दो सोने की बिंटी, पांच सोने के फुलड़े, चार जोड़ी चांदी की बिछुड़ी, एक जोड़ी चांदी का बाजूबंद, एक चांदी की तागड़ी तथा 1400 रुपए नकद शामिल हैं।
पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।







