श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 जुलाई 2026
क्षेत्र के तोलियासर गांव में शादी से तीन दिन पहले पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, आरोपी की 6 जुलाई को शादी होनी थी। आरोपी हल्दी की रस्म के बाद परिवार में आयोजित बनोरे के भोज में शामिल होकर भोजन कर रहा था। इसी दौरान सेरूणा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सेरूणा थानाधिकारी संध्या बिश्नोई ने बताया कि करीब सवा साल पहले 2025 में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने अंकित राजपुरोहित को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में मामले की जांच सेरूणा पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान आरोपी अंकित से पूछताछ में उसके भाई आनंद राजपुरोहित का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आनंद की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार रहा।
पुलिस के अनुसार तकनीकी टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इस बीच सूचना मिली कि आनंद राजपुरोहित की 6 जुलाई को शादी है और वह गाँव में ही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी सेरूणा पुलिस की हिरासत में है और उससे एनडीपीएस एक्ट के मामले में पूछताछ की जा रही है। आज शनिवार को आरोपी को एनडीपीएस न्यायालय पेश किया जाएगा।





