श्रीडूंगरगढ़ टुडे 6 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। काले कपड़े पहने चार बदमाशों ने शुक्रवार देर रात बाना और रीड़ी क्षेत्र की तीन ढाणियों में घुसकर सोते हुए परिवारों को निशाना बनाया। बदमाशों ने महिलाओं के गले और पैरों से आभूषण ब्लेड से काटकर ले गए तथा नकदी लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर एक महिला पर हमला भी किया गया।
पुलिस के अनुसार बाना निवासी कुशलाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेत में बनी ढाणी में परिवार के साथ रहता है। 4 जुलाई की रात वह घर के बाहर सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे आंगन में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे पत्नी के शोर मचाने पर उसकी आंख खुली तो चार युवक काले कपड़ों में घर से भागते दिखाई दिए।
कुशलाराम ने बताया कि शोर सुनकर उसका भाई केसराराम के पुत्र संदीप और अनिल भी मौके पर पहुंचे और चारों बदमाशों का पीछा किया। आरोपी खेत के गेट से निकलकर बीदासर रोड पर पहले से खड़ी एक स्विफ्ट कार में बैठकर फरार हो गए।
पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाश उसके गले में पहने सोने के तीन फूलड़े ब्लेड से डोरी काटकर ले गए। इसके अलावा चारपाई पर रखी कमीज की जेब से 7,200 रुपये नकद भी चोरी कर लिए। महिला के जागने पर बदमाशों ने उसके सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार इसी रात बदमाशों ने राजेंद्र मेघवाल (बाना) और मालाराम जाखड़ (रीड़ी) के घरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सूचना पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच की जिम्मेदारी एएसआई देवाराम को सौंपी गई है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कराई है तथा बाना और रीड़ी गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।





