श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के आडसर पुरोहितान गांव में खातेदारी भूमि के सीमांकन के बाद लगाई गई पत्थरगढ़ी की पट्टियां तोड़ने के आरोप में न्यायालय के इस्तगासे पर पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आडसर पुरोहितान निवासी मनोहर सिंह पुत्र भगवत सिंह राजपुरोहित ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष परिवाद पेश किया था। न्यायालय के निर्देश पर श्रीडूंगरगढ़ थाने में मोहन सिंह, नरेन्द्र सिंह, अजीत सिंह एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी खातेदारी कृषि भूमि के सीमांकन को लेकर उपखंड अधिकारी न्यायालय के आदेश पर 11 मई 2026 को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व अधिकारियों और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में पत्थरगढ़ी करवाई गई। इस दौरान राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार सीमा निर्धारण करते हुए मौके पर पत्थरगढ़ी की पट्टियां लगाई गई थीं। सीमांकन के दौरान आरोपियों के मकान और बाड़े का कुछ हिस्सा अतिक्रमण क्षेत्र में आया था।
परिवादी का आरोप है कि 22 मई को जब वह मौके पर पहुंचा तो पत्थरगढ़ी की पट्टियां गायब मिलीं। तलाश करने पर वे गांव के ठाकुरजी मंदिर के पास टूटी हुई अवस्था में पड़ी मिलीं। उनका आरोप है कि आरोपियों ने या उनके लोगों ने राजस्व विभाग द्वारा लगाई गई पट्टियां उखाड़कर तोड़ दीं।
परिवादी ने बताया कि उसने पहले भी 23 मई को श्रीडूंगरगढ़ थाने तथा बाद में पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई पवन शर्मा को सौंप दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



