श्रीडूंगरगढ टुडे 21 जुलाई, 2026
राजकीय महाविद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में मंगलवार को ‘नशा मुक्त भारत-एक नई किरण’ अभियान के तहत व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।

मुख्य वक्ता राकेश थालोड़ (बीपीएम, कोटप्पा) ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार के नशे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ समाज में भी नशे के खिलाफ जनजागरण करना चाहिए। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन निशा सोडा एवं नरपत सिंह चारण ने किया। उन्होंने समाज में तेजी से फैल रहे नए-नए नशों के प्रकारों और उनके कारण सामाजिक मूल्यों पर पड़ रहे दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य अमित तंवर ने कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।




