श्रीडूंगरगढ टुडे 21 जुलाई 2026
क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही है। क्षेत्र के गांव सेरूणा मे हाईवे पर स्थित खल चूरी की एक दुकान में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गल्ला तोड़कर उसमें रखी करीब दो लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर स्थित गणपति ट्रेडर्स (खल-चूरी की दुकान) में मंगलवार तड़के करीब 2:45 बजे चोरों ने धावा बोला। बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ा, गल्ला तोड़कर उसमें रखी करीब दो लाख रुपए की नकदी निकाली और मौके से फरार हो गए।
सुबह दुकान मालिक ईश्वरराम गोदारा, निवासी बरसिंहसर, दुकान पहुंचे तो ताले टूटे मिले और गल्ला खाली देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत सेरूणा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एएसआई जगदीश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिए। फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।



