श्रीडूंगरगढ टुडे 22 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को यूथ कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता पर जोर दिया

प्रेस वार्ता का आयोजन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन बीकानेर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष हरिराम बाना के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पांच अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा स्तर पर ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही आंदोलन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
हरिराम बाना ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुसाईसर बड़ा गांव में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की घोषणा की थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद सरकार इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर गंभीर नहीं है।

उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी ट्रॉमा सेंटर के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया गया है।
प्रेस वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम सिद्ध, युवा कांग्रेस नेता संतोष धोलिया, बीरबल राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



