श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 जुलाई 2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के जोधपुर प्रांत द्वारा चलाए जा रहे विशेष सदस्यता अभियान ‘धरती धोरां री‘ के तहत विद्यालयों में युवाओं और विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। यह सदस्यता अभियान 30 जुलाई तक निरंतर जारी रहेगा।

9वीं से 12वीं के छात्रों में भारी उत्साह
इस अभियान के तहत नगर के विभिन्न विद्यालयों में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अभाविप की विचारधारा और छात्र हितैषी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 500 से अधिक विद्यार्थियों ने अभाविप की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की और यह प्रक्रिया 30 जुलाई तक अनवरत जारी रहेगी।
विद्यार्थियों को दी संगठन के इतिहास और उद्देश्यों की जानकारी
जिला संयोजक करण जड़ीवाल और नगर मंत्री राघव लखोटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गौरवशाली इतिहास, कार्यपद्धति और राष्ट्र निर्माण में छात्रों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए प्रेरित किया।

30 जुलाई तक चलेगा सदस्यता का दौर
परिषद कार्यकर्ताओं ने बताया कि ‘धरती धोरां री’ अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक विद्यालयी छात्र तक पहुंचकर उन्हें संगठन से जोड़ना और उनके भीतर राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करना है। अभियान की सफलता को देखते हुए आगामी दिनों में सदस्य संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।



